टनकपुर। मां पूर्णागिरि धाम में देवी के दर्शन को आ रहे यात्रियाें के साथ जोर-जबरदस्ती की जा रही है इससे यात्री खासे परेशान हैं, लेकिन मेला प्रशासन को इससे कोई सरोकार नहीं है।
पूर्णागिरि मेले में तीर्थयात्रियों की आवाजाही का क्रम लगातार बना हुआ है। लोकसभा चुनाव के चलते इन दिनों श्रद्धालु कम संख्या में आ रहे हैं। प्रशासनिक अमला भी चुनाव की तैयारियों में लगा है। मेले की ओर प्रशासन का ध्यान नहीं होने से व्यवस्थाएं बेलगाम होती जा रही हैं। मुख्य मंदिर में तैनात पुजारी के अलावा मंदिर के आस-पास की सीढ़ियों में कई ऐसे पुजारी खड़े हो रहे हैं जो दर्शन कर लौटते श्रद्धालुओं को कलेवा-चुनरी बांधकर मुंह मांगी दक्षिणा वसूल रहे हैं। इसे लेकर कई बार श्रद्धालु और पुजारियों के बीच विवाद की स्थिति पैदा हो रही है।