चंपावत। राजकीय इंटर कॉलेज धौन में शिक्षकों की कमी के बावजूद अन्यत्र उच्चीकृत विद्यालयों में शिक्षकों के स्थानांतरण को लेकर अभिभावकों ने मोर्चा खोल दिया है। शिक्षक अभिभावक संघ के बैनर तले ग्रामीणों ने सोमवार को मुख्य शिक्षाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर शिक्षकों के संबंधीकरण को निरस्त करने और रिक्त पदों पर शिक्षकों की तैनाती की मांग उठाई। उन्होंने मांग पूरी न होने पर पांच जून से आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है। अभिभावकों का कहना है कि 2006 में उच्चीकृत हुए इंटरमीडिएट कॉलेज में सभी प्रवक्ताओं के पद खाली चल रहे हैं।
ज्ञापन में कहा गया है कि विज्ञान वर्ग में भौतिक और रसायन विज्ञान और कला वर्ग में अंग्रेजी, अर्थशास्त्र प्रवक्ताओं के पद रिक्त चल रहे हैं। इसके अलावा एलटी संवर्ग में हिंदी, अंग्रेजी और कला अध्यापकों के पद रिक्त हैं। ऐसे में यहां तैनात दो शिक्षकों को नए उच्चीकृत विद्यालयों में भेजा जा रहा है। जो कि क्षेत्रहित में अनुचित है। नवीन उप्रेती और पप्पू भट्ट के नेतृत्व में मुख्य शिक्षाधिकारी को ज्ञापन देने वालों में दीपा भट्ट, ईश्वरी भट्ट, कमल उप्रेती, घनश्याम भट्ट, मोहन कापड़ी, मोनिका भट्ट, हरीश चंद्र आदि अभिभावक शामिल रहे।