डीडीहाट। कैलास मानसरोवर यात्रा के लिए आईटीबीपी की रेस्क्यू टीम और महिला जवानों की टीम आज सातवीं वाहिनी मुख्यालय से रवाना हो गई है। रेस्क्यू टीम गाला से लमारी के बीच तैनात रहेगी, जबकि महिला जवानों की टीम गुंजी में रहेगी और वहां से महिला यात्रियों को लिपुलेख दर्रे तक पहुंचाने में मदद करेगी।
बुधवार को आईटीबीपी के सेनानी केदार सिंह रावत ने टीमों को रवाना किया। रेस्क्यू टीम में फिलहाल 25 लोग हैं, जबकि 10 महिला जवानों को अभी रवाना किया गया है। आठ जून तक गुंजी में आईटीबीपी के डॉक्टर भी पहुंच जाएंगे। सेनानी ने बताया कि रेस्क्यू टीम को गाला और लमारी के बीच तैनात किया जा रहा है। वहां पर नजंग और नंफा नाला बारिश के मौसम में उफन जाते हैं। रास्ते की स्थिति भी वहां खराब रहती है। उन्होंने बताया कि गुंजी में डॉक्टरों की टीम पूरी सामग्री के साथ आठ जून को पहुंच जाएगी। यह टीम 18 जून को प्रथम दल के यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण करेगी। उन्होंने बताया कि जो यात्री गुंजी में होने वाले स्वास्थ्य परीक्षण में फिट होंगे उनको ही आगे जाने की अनुमति दी जाएगी। आईटीबीपी ने अपने स्तर से यात्रा की सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं।