चंपावत। जिलाधिकारी दीपेंद्र कुमार चौधरी ने जिले में निर्माणाधीन और स्वीकृत सड़कों समेत रीठासाहिब गुरुद्वारा क्षेत्र में निर्माण कार्यों की समीक्षा की। बताया गया कि रीठासाहिब में लोनिवि के निरीक्षण भवन और हेलीपेड निर्माण के लिए भूमि का चयन कर लिया गया है। डीएम ने लोनिवि के मुख्य अभियंता कुमाऊं बीएस बिनवाल के अलावा लोनिवि, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों को समय से निर्माण कार्य पूरा करने के साथ ही रीठासाहिब के सौंदर्यीकरण के स्वीकृत प्रस्तावों को शासन को भेजने के निर्देश दिए।
बैठक में पूर्व में प्रमुख सचिव लोनिवि एसएस संधु की ओर से रीठासाहिब क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों के बाद निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा भी की गई। बताया गया कि लधिया में परेवा के पास पुल की डीपीआर तैयार हो गई है और भिंगराड़ा से रीठा, विजयनगर-तलियाबांज, रीठासाहिब से गुरूद्वारे तक सड़क निर्माण कार्य प्रगति में है। डीएम ने गुरुद्वारे में 100 किलोलीटर वाटर टैंक निर्माण के मामले में हीलाहवाली पर नाराजगी प्रकट करते हुए पेयजल निगम के ईई को 15 दिन के भीतर डीपीआर तैयार करने को कहा। बैठक में टनकपुर जौलजीबी मोटर मार्ग में भूमि का मुआवजा देने और मुख्यालय मे रोडवेज बस स्टेशन निर्माण की समीक्षा भी की गई। बैठक में लोनिवि के अधीक्षण अभियंता चंद्रशेखर भट्ट, एसडीएम नरेश दुर्गापाल, पारितोष वर्मा सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।