टनकपुर। संयुक्त चिकित्सालय में तोड़फोड़ करने वाले दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जिन्हें न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी के आदेश पर जेल भेजा गया है।
गरम तेल की कढ़ाई में गिरकर बुरी तरह झुलसे अंबेडकर नगर कालोनी निवासी रामचंद्र (40) पुत्र हीरा लाल को हायर सेंटर रेफर करने पर उसके तीमारदारों ने जमकर हंगामा काटा। उन्होंने सिर्फ अस्पताल में ही तोड़फोड़ नहीं की बल्कि डा. औरंगजेब के साथ हाथापाई का भी प्रयास किया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी पक्ष की ओर से समझौते का भरसक प्रयास हुआ, लेकिन अस्पताल प्रशासन रिपोर्ट दर्ज करने की जिद पर अड़ा रहा। डा. औरंगजेब की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पुराना सिनेमा हाल लाल इमली पड़ाव निवास अर्जुन सिंह पुत्र नत्थू लाल और सिद्धार्थ होटल लाल इमली पड़ाव निवासी जमुना आर्य उर्फ जुगलकिशोर पुत्र गंगा प्रसाद के खिलाफ आईपीसी की धारा 332 व 504 के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी की अदालत में पेश किया। कोतवाल नरेश चंद ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर दोनों को जेल भेज दिया गया है।