चंपावत। उत्तरायणी जन कल्याण समिति की ओर से इस बार भी बरेली में 13 से 15 जनवरी तक उत्तरायणी मेला आयोजित किया जाएगा। बरेली क्लब ग्राउंड में होने वाले मेले में देवभूमि की कुमाऊंनी और गढ़वाली संस्कृति की धूम रहेगी। मेला समिति के पदाधिकारियों की ओर से रविवार को जिला मुख्यालय में जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान पत्रकार वार्ता आयोजित की गई, जिसमें बताया गया कि 21वें उत्तरायणी मेले में क्षेत्र के विभिन्न उत्पादों के अलावा बाल मिठाई, हस्तशिल्प, हथकरघा, गरम कपड़ों, सिटरस फलों, अचार, दालों के स्टाल लगाए जाएंगे।
मेला समिति अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि मेले में सीएम हरीश रावत और नेता प्रतिपक्ष अजय भट्ट स्वयं प्रतिभाग करेंगे। इसके अलावा पदमश्री से सम्मानित पुष्पेश पंत, नेत्र सर्जन आईएस तितियाल आदि को सम्मानित किया जाएगा। मेले के तीनों दिन प्रदर्शनी के साथ ही रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा। इस मौके पर मेला प्रभारी भूपाल सिंह बिष्ट, मीडिया प्रभारी माधवानंद तिवारी, सुंदर सिंह आदि ने भी क्षेत्र के अधिक से अधिक लोगों और उत्पादकों से मेले में प्रतिभाग करने की अपील की।