लोहाघाट (चंपावत)। लोहाघाट ब्लॉक में बिंडातिवारी के दिगालीचौड़ में बृहस्पतिवार से तीन दिनी हरेला महोत्सव शुरू हो गया है। जीआईसी मैदान में बृहस्पतिवार को पूर्व ग्राम प्रधान हरीश सिंह, पान सिंह बिष्ट ने महोत्सव का शुभारंभ किया। उन्होंने ऐसे महोत्सवों को सांस्कृतिक संवर्धन में सहायक बताया। लिटिल फ्लावर स्कूल के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने सरस्वती वंदना और सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए।
गगन दीप बोहरा ने राधा तेरी चुनरी और छात्रा किरन ने नेपाली गाना गाकर वाहवाही लूटी। महोत्सव के पहले दिन वॉलीबाल प्रतियोगिता हुई। जिसका शुभारंभ जिला पंचायत सदस्य पुष्कर बोहरा ने किया। बताया कि पूर्व में जिला पंचायत अध्यक्ष खुशाल सिंह अधिकारी के प्रयासों से बीएडीपी से 4.50 लाख रुपये मंच के लिए स्वीकृत किए गए है तथा फील्ड के लिए 7 सात लाख रुपये स्वीकृत कर दिए हैं।
इस दौरान बोहरा ने भी दो लाख रुपये पर्यटन विभाग से स्वीकृत होने की जानकारी की। इस दौरान जगदीश जोशी, राकेश जोशी, शिवराज सिंह, थानेश जोशी, मदन सिंह, मुकेश रैंसवाल, बबलू, रमेश सिंह, कैलाश तिवारी, जसवंत सिंह खड़ायत आदि थे।
लोहाघाट (चंपावत)। दिगालीचौड़ हरेला महोत्सव के दौरान हुई वॉलीबाल प्रतियोगिता की खिताबी भिड़ंत में लोहाघाट वॉलीबाल स्पोर्ट्स क्लब बी ने वॉलीबाल स्पोर्ट्स क्लब ए को शिकस्त दे ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। लोहाघाट की टीम ने वॉलीबाल स्पोर्ट्स क्लब ए को 25-18, 25-22, 26-24 से हराया।
निर्णायक जीवन राय, दीपक महर थे, जबकि स्कोरिंग ब्रजेश ढेक ने की। मोनू बिष्ट ने संचालन किया। जिला पंचायत सदस्य पुष्कर बोहरा ने विजेता, उप विजेता टीम को वॉलीबाल और युवक मंगल दल बिंडातिवारी ने विजेता टीम को वर्दी भेंट की।