गुरुवार को फिर खुल गई शराब की दुकान।
दो दिन पूर्व खर्ककार्की के पास लीसा फैक्ट्री परिसर में खोली गई अंग्रेजी शराब की दुकान महिलाओं के विरोध के चलते बंद कर दी गई है। खर्ककार्की की महिलाओं ने बृहस्पतिवार को शराब की दुकान के आगे धरना देकर विरोध जताया। इस कारण शराब विक्रेताओं ने दुकान को बंद कर दिया, लेकिन महिलाएं रात में भी दुकान के आगे धरने पर डटी रहीं। रात में एसडीएम सदर सीमा विश्वकर्मा ने आंदोलनरत महिलाओं से वार्ता की और रात में दुकान में ताला लगवा दिया। इसके बाद महिलाएं अपने घरों को चली गईं, लेेकिन शुक्रवार की सुबह दस बजे जब महिलाएं दुकान के पास पहुंची तो वहां का ताला तोड़ा गया था। इसे देखकर महिलाएं भड़क गईं।
उन्होंने एसडीएम सदर को मौके पर बुलाया और विरोध जताया। महिलाओं का कहना था कि जिला अस्पताल, स्कूल, बीएड कॉलेज के पास शराब की दुकान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसडीएम के नेतृत्व में जिला अस्पताल और स्कूलों से दुकान की दूरी का मापन किया गया। इसमें शराब की दुकान मानकों को पूरा नहीं कर रही है। इसके बाद दुकान को बंद करने के निर्देश दिए गए। उधर, आबकारी निरीक्षक भरत प्रसाद का कहना है कि मुख्यालय में शराब की दुकान खुलवाने के प्रयास जारी हैं। ग्राम प्रधान कमला पांगती, उपप्रधान इंद्र सिंह महर, महिला मंगल दल अध्यक्ष चंद्रकला कार्की के नेतृत्व में विरोध, प्रदर्शन किया। इनमें बसंती देवी, सुमन सक्टा, भवानी देवी, इंदिरा देवी, निर्मला देवी, कलावती टम्टा आदि महिलाएं शामिल रहीं।