हरिद्वार। श्यामपुर क्षेत्र से घुप अंधेरे में एक दीया जल उठा। गांव के लाल सिंह ने गुरुकुल साइंस इंटर कालेज में 12वीं की परीक्षा में 81.60 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेश में एससी मेरिट में आठवां मुकाम हासिल किया।
सजपुरपीली गांव के चौकीदार की नौकरी करने वाले इन्नी सिंह का बेटा लाल सिंह इस सफलता से फूले नहीं समा रहा है। इन्नी सिंह के पास छह बेटे और एक बेटी है। लाल सिंह ने बताया कि वह उच्च शिक्षा हासिल करके प्रोफेसर बनना चाहता है। उसने बताया कि उसका गांव स्कूल से 30 किलोमीटर से अधिक दूर है। साइकिल से रोज आना-जाना संभव नहीं था। घर की हालत भी ऐसी नहीं है कि वह शहर में कमरा ले सके। तंगी के चलते उसने शहर के नजदीक जमालपुर गांव में किराए पर कमरा लिया। लाल ने अपनी रोल मॉडल गुरुकुल साइंस इंटर कालेज की प्रधानाचार्य डा. करुणा शर्मा को बताया। प्रधानाचार्य ने अपने घर पर लाल को मिठाई खिलाकर उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया।