भगत सिंह चौक के पास विवादित जमीन पर कब्जा हटवाने के दौरान चौकीदार की मौत के मामले में भेल के एक महाप्रबंधक व दो इंजीनियरों सहित कुल आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। जमीन पर मालिकाना हक का दावा करने वाले विशाल सैनी ने कोर्ट में याचिका दायर की थी। सुनवाई के बाद कोर्ट ने मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए। रानीपुर कोतवाली पुलिस ने बुधवार को मामला दर्ज कर लिया।
भगत सिंह चौक और टिबड़ी के आसपास खाली जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद की स्थिति बनी हुई है। कई बार भेल और नगर निगम एक बड़े भूखंड पर अपना दावा ठोक चुके हैं। जबकि जमीन को निजी संपत्ति बताने वालों से भी कई बार भेल का विवाद हुआ है। बीते साल 29 जुलाई को भेल संपदा विभाग की एक टीम भगत सिंह चौक के पास एक विवादित जमीन से कब्जा हटवाने पहुंची थी। जमीन पर काबिज विशाल सैनी का दावा था कि जमीन उनकी अपनी है। आरोप प्रत्यारोप के बीच विवाद की स्थिति पैदा हो गई थी। इसी दौरान विशाल सैनी के चौकीदार की मौत हो गई थी। विशाल सैनी ने चौकीदार की मौत के लिए भेल को जिम्मेदार ठहराते हुए कोर्ट में मामला दायर किया था।
विज्ञापन
सुनवाई करते हुए कोर्ट ने पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए। जिस पर रानीपुर कोतवाली में संपदा विभाग के महाप्रबंधक अतुल सक्सेना व दो इंजीनियरों के साथ ही पांच अज्ञात सिक्योरिटी गार्डों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि न्यायालय के आदेशानुसार मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।