प्रेमी से पति बने युवक के शराब पीने की लत पत्नी को इतनी नगवार गुजरी कि उसने सात जन्म के रिश्ते को एक माह में ही खत्म करने का मन बना लिया। पत्नी को उम्मीद थी कि वो ससुराल पहुंचकर पति को इस लत से निकाल पाएंगी, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। पत्नी अब पति के साथ रहने को तैयार नहीं है। फिलहाल महिला हेल्प लाइन दांपत्य जीवन को बिखरने से बचाने की कोशिश में जुटी है।
पूरा मामला ज्वालापुर के एक नवदंपति का है। पिछले वर्ष नवंबर माह में कई साल के प्रेम प्रसंग के बाद प्रेमी जोड़ा दांपत्य सूत्र में बंधा था। एक प्राईवेट फर्म में कार्यरत युवक को पहले से ही शराब पीने की लत थी। ये बात प्रेमिका से पत्नी बनी युवती भली भांति जानती थी। लेकिन उसने समझा कि शादी के बाद वह पति की इस लत को दूर कर देगी, लेकिन वो सफल नहीं हो पाई। पति का अपने दोस्तों के साथ रोजाना शराब में डूबना पत्नी को इतना बुरा लगा कि वह अपने मायके पहुंच गई। फिर महिला हेल्प लाइन में शिकायत कर दी।
विज्ञापन
हेल्प लाइन में जब काउंसिलिंग शुरू हुई तब पति ने शराब को धीरे-धीरे छोड़ने को हामी भरी, लेकिन पत्नी नहीं मानी। वो अड़ी रही कि एकदम ही शराब छोड़ने पर ससुराल जाने को राजी होगी। लेकिन बात नहीं बन पाई। महिला हेल्प लाइन ने दंपति के बीच तल्खी को देखते हुए उन्हें कुछ समय देते हुए अगली तारीख दे दी। प्रभारी कविता बिष्ट ने बताया कि दंपति के बीच सुलह कराने के प्रयास हैं। पत्नी का कहना है कि वह शराबी पति के साथ नहीं रहना चाहती है।