कोटद्वार। नजीबाबाद चौक में सवारी भरने को लेकर एक ऑटो चालक ने ई-रिक्शा चालक की जमकर धुनाई कर दी। आक्रोशित ई-रिक्शा चालकों ने कोतवाली पहुंचकर मारपीट के आरोपी ऑटो चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
बृहस्पतिवार को सुबह नौ बजे नजीबाबाद चौक पर सिमलचौड़ निवासी ई-रिक्शा चालक जितेंद्र कुमार के साथ किसी ऑटो चालक की सवारी बैठाने को लेकर कहासुनी हो गई। ऑटो चालक ने ई-रिक्शा चालक की धुनाई कर दी। घटना से आक्रोशित ई-रिक्शा चालक कोतवाली पहुंचे। उन्होंने पुलिस पर ऑटो चालकों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि पुलिस की सुस्ती के चलते ऑटो चालक आए दिन ई-रिक्शा चालकों के साथ मारपीट कर रहे हैं। बृहस्पतिवार को सुबह जितेंद्र कुमार सवारी बिठा रहा था, तभी एक ऑटो चालक आया और गाली गलौज करने लगा। ऑटो चालक ने ई-रिक्शे में बैठी सवारियों को नीचे उतारा और उससे मारपीट करने लगा, जिससे उसके सिर व हाथों में चोटें आ गई। इस दौरान संघ के महासचिव सर्फराज अहमद, प्रदीप भट्ट, सचिन कुमार, सुबोध भट्ट, सईस अहमद, सुल्तान अहमद, मनीष रावत, पवन नैनवाल, संजय ढौंडियाल, जयदीप भंडारी आदि मौजूद थे।