हल्द्वानी। प्रजेंटेशन बीएड कालेज के विद्यार्थियों का शुक्रवार को कुमाऊं विश्वविद्यालय ने रिजल्ट घोषित कर उनकी अंक तालिकाएं जारी कर दी हैं। विवि ने यह रिजल्ट हाईकोर्ट का आदेश मिलने के बाद जारी किया। इससे विद्यार्थियों में खुशी की लहर है।
बता दें कि प्रजेंटेशन संस्थान को बीएड पाठ्यक्रम संचालित करने की मान्यता के नवीनीकरण का मामला शासन में लंबित होने के चलते कुमाऊं विवि ने बीएड विद्यार्थियों का रिजल्ट घोषित नहीं किया था। इधर, मान्यता के मुद्दे को लेकर संस्थान द्वारा उच्चन्यायालय में याचिका दायर की थी। संस्थान की निदेशक गीतिका बल्यूटिया के मुताबिक शुक्रवार को उच्चन्यायालय ने इस प्रकरण में सुनवाई कर परीक्षाफल घोषित करने को आदेश जारी कर दिए। इस पर कुमाऊं विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों का रिजल्ट घोषित कर अंक तालिकाएं जारी कर दीं हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार से कालेज में बीएड के विद्यार्थियों को अंक तालिकाएं वितरित की जाएंगी। संस्थान के दीपक बल्यूटिया ने न्यायपालिका का आभार जताया है। उच्चन्यायालय के निर्णय से विद्यार्थियों को न्याय मिला सका है। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना की है। इधर, कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. वीपीएस अरोरा का कहना है कि उच्चन्यायालय के आदेश पर विद्यार्थियों को प्रोवीजनल एडमीशन दिया गया था। शुक्रवार को उच्चन्यायालय का आदेश होने पर बीएड विद्यार्थियों का रिजल्ट घोषित कर दिया गया है।