गरमपानी। सुयालबाड़ी स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में अध्ययनरत 11वीं कक्षा का छात्र शनिवार की रात से लापता है। छात्र के लापता होने से विद्यालय प्रबंधन के हाथ पैर फूले हुए हैं। रविवार दोपहर तक स्कूल प्रबंधन ने मामले को दबाए रखा लेकिन जब छात्र का कहीं सुराग नहीं लगा तो दोपहर बाद प्रधानाचार्य ने छात्र के लापता होने की सूचना खैरना चौकी पुलिस को दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हर्षित कुटौला (15) पुत्र गजेंद्र सिंह कुलौटा निवासी ग्राम सूरी, पोस्ट रज्यूड़ा तहसील जैंती, अल्मोड़ा यहां सुयालबाड़ी स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में 11वीं कक्षा में पढ़ता हैं। बताया जाता है कि शनिवार की रात को विद्यालय के प्रभारी वार्डन एचसीएस राणा ने रोजाना की तरह करीब नौ बजे विद्यार्थियों की उपस्थिति ली। प्रभारी वार्डन राणा के वापस जाने के बाद हर्षित कुटौला का अपने सहपाठी हर्षित नेगी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ और दोनों में मारपीट हो गई थी, जिसमें हर्षित के मुंह से खून निकला। बाद में हर्षित अपने बेड पर जाकर लेट गया और अन्य बच्चे विद्यालय सभागार के हाल में टीवी देखने चले गए। रात करीब साढ़े ग्यारह बजे जब बच्चे टीवी देखकर वापस अपने बेड पर लौटे तो हर्षित वहां नहीं था। रात में ही उसके सहपाठियों ने आसपास के क्षेत्र में उसकी खोजबीन भी की लेकिन वह नहीं मिला। रविवार सुबह करीब पांच बजे बच्चों ने विद्यालय प्रधानाचार्य को हर्षित कुटौला के लापता होने की सूचना दी। इससे विद्यालय प्रबंधन में हड़कंप मच गया। आननफानन में लापता छात्र की खोजबीन होने लगी। प्रधानाचार्य एसके त्यागी ने हर्षित कुटौला के परिजनों को रविवार को सुबह 11 बजे फोन पर उसके लापता होने की सूचना दी। दोपहर तक जब छात्र का पता नहीं चला तो प्रधानाचार्य त्यागी ने खैरना पुलिस चौकी में छात्र के लापता होने की तहरीर दी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर छात्र की तलाश शुरू कर दी है। सूचना मिलने पर भवाली के कोतवाल अनिल साह ने मौके पर पहुंचकर छात्रों और विद्यालय के शिक्षकों से पूछताछ की। कोतवाल का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला छात्र के स्कूल के भागने का लग रहा है, फिर भी पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। हर्षित के पिता गजेंद्र सिंह कुटौला बीएसएफ में तैनात हैं और वर्तमान में कारगिल में पोस्टेड हैं।
इनसेट
छात्रों के खिलाफ नामजद तहरीर दी
गरमपानी। लापता छात्र हर्षित कुटौला के ताऊ और लालकुआं दुग्ध संघ के महाप्रबंधक एचएस कुटौला ने खैरना पुलिस चौकी में तहरीर देकर मारपीट के मामले में सात छात्रों को नामजद किया है। कुटौला का आरोप है कि विद्यालय वार्डन भी हर्षित से दुर्भावना रखते थे और वह भी अप्रत्यक्ष रूप से घटना में शामिल हो सकते हैं।
कुटौला का कहना है कि जब वह स्कूल पहुंचेे तो पता चला कि शनिवार रात को उनके भतीजे के साथ विद्यालय में विभिन्न कक्षाओं में अध्ययनरत हर्षित नेगी, रवि जोशी, वरुण रावत, गौरव, अजय कुमार, रजत रावत और कैलाश परगाई ने मारपीट की। तहरीर में अंदेशा जताया गया गया है कि लापता हर्षित के साथियों ने या तो उसे मार दिया है या फिर आत्महत्या के लिए मजबूर किया गया है।