हल्द्वानी। हल्द्वानी के श्री अंबादत्त पांडे उत्तराखंड कोआपरेटिव बैंक इंप्लाइज यूनियन के सातवीं बार प्रांतीय अध्यक्ष चुने गए हैं। बद्रीनाथ धाम में संपन्न यूनियन के प्रांतीय अधिवेशन में निर्वाचन अधिकारी नरेश चंद्र, वरिष्ठ शाखा प्रबंधक ऊधमसिंह नगर एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी बीएस नेगी, वरिष्ठ शाखा प्रबंधक चमोली की देखरेख में प्रांतीय कार्यकारिणी के चुनाव भी हुए। इसमें अंबादत्त पांडे निर्विरोध अध्यक्ष एवं केएस चौबे महामंत्री निर्वाचित घोषित किए गए। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि श्री पांडे नैनीताल डिस्ट्रिक्ट कोआपरेटिव बैंक, हल्द्वानी यूनिट के 24 वर्षों से लगातार निर्विरोध अध्यक्ष होते आए हैं।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने चुनाव के लिए सभी सदस्यों का आभार प्रकट करते हुए कहा कि कर्मचारी हितों के लिए उनका संघर्ष हमेशा जारी रहेगा। कर्मचारियों की समस्याओं पर प्रबंधन से वार्ता की जाएगी।