हल्द्वानी। कुमाऊं मोटर ऑनर्स यूनियन लि. (केमू) में प्रबंधन को लेकर चल रहा विवाद अभी खत्म नहीं हो सका है। बृहस्पतिवार को केमू के चेयरमैन ने मिनट्स बुक सिटी मजिस्ट्रेट को सौंप दी। जबकि दूसरे पक्ष ने भी सिटी मजिस्ट्रेट से मिलकर केमू को घाटे से उबारने का तर्क देकर रिसीवर बैठाने की मांग दोहरायी। इस मुद्दे पर दोनों पक्षों ने सहमति जताई है तथा इसे मिनट्स बुक में भी दर्ज कर दिया गया है।
मालूम हो कि 27 सितंबर को केमू की वार्षिक आमसभा में नए निदेशकों का चुनाव कराने के मुद्दे पर भारी हंगामा हुआ। सदस्यों की 14 निदेशकों का चुनाव कराने की मांग को प्रबंधन ने मानने से इनकार कर दिया था तथा सदस्यों द्वारा मिनट्स बुक प्रस्तुत करने की मांग उठाने पर चेयरमैन और अधिशासी निदेशक आमसभा छोड़कर भाग गए थे। सिटी मजिस्ट्रेट की मध्यस्थता में भी विवाद का कोई हल न निकलने पर असंतुष्ट सदस्यों ने प्रशासन से रिसीवर बैठाने की मांग की थी।
बृहस्पतिवार को सायं पांच बजे केमू के अध्यक्ष होशियार सिंह गौनिया और पूर्व अध्यक्ष चंदन सिंह भंडारी के नेतृत्व में दोनों पक्ष सिटी मजिस्ट्रेट से मिले। अभी तक विवाद का कारण रहीं यूनियन की मिनट्स बुक को अध्यक्ष ने सिटी मजिस्ट्रेट को सौंप दी। पूर्व अध्यक्ष श्री भंडारी ने सिटी मजिस्ट्रेट उदय सिंह राणा से रिसीवर बैठाने की मांग दोहराते हुए कहा कि करीब साढ़े तीन करोड़ के घाटे में चल रहे केमू को घाटे से उबारने के लिए रिसीवर की तैनाती जरूरी है। विवाद की स्थिति को देखते हुए दोनों पक्ष इस मुद्दे पर राजी हो गए एवं अध्यक्ष श्री गौनियां ने मिनट्स बुक में सभी बातों को दर्शाकर हस्ताक्षर कर उसे सिटी मजिस्ट्रेट को दे दिया। पूर्व अध्यक्ष श्री भंडारी के साथ प्रकाश तिवारी, महेंद्र चंद्र बिष्ट, सुरेश डसीला, बहादुर सिंह बिष्ट, दीपक बिष्ट आदि कई सदस्य मौजूद थे।