रामनगर। गोवंशीय पशुओं को चुराने आए तस्कर ग्रामीणों के जाग होने पर भाग निकले। आरोपियों की स्कॉर्पियो कार की टक्कर से एसएसआई की निजी कार समेत दो कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। पुलिस ने चार अज्ञात लोगों के खिलाफ हमला, सरकारी कार्य में बाधा, तोड़फोड़ समेत पशु क्रूरता, गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
बुधवार रात दो कारों में सवार होकर आए तस्कर लखनपुर क्षेत्र में सड़क किनारे बंधी गायों को चुरा रहे थे। ग्रामीणों के एकजुट होने पर आरोपी वहां से भाग निकले। सूचना पर नगर पालिका सदस्य संजय रावत समेत भाजयुमो के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मदन जोशी, पीपुल्स फॉर एनीमल्स संस्था के प्रतिनिधि नरेंद्र शर्मा ने लखनपुर चौराहे पर खड़े होकर निगरानी की। इधर, सूचना पर पुलिस ने छोई और बैलपड़ाव से यूपी जाने वाली सड़कों की नाकेबंदी कर दी। पुलिस को देखकर आरोपी लौटने लगे। इस पर कोसी बैराज पर नाकेबंदी करने के लिए दोनों ओर एक-एक कार खड़ी कर दी गई। तभी अनियंत्रित गति से आई स्कार्पियो में सवार तस्करों ने दोनों कारों को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। हालांकि उनकी कार भी असंतुलित होकर बड़ी नहर की ओर तिरछी होकर रुक गई। जब तक पुलिस वहां पहुंचती आरोपी कुछ दूर तक पैदल भागने के बाद दूसरी कार से भाग निकले। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर इसमें क्रूरतापूर्वक बांधी गई एक गाय को मुक्त कराकर गोसदन भिजवाया। वहीं क्षतिग्रस्त हुई एक कार भाजयुमो के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मदन जोशी जबकि दूसरी कार एसएसआई रविंद्र कुमार की थी।
इनसेट
नौ बैल मुक्त कराए
रामनगर। गोवंशीय तस्करों ने बृहस्पतिवार को तस्करी के लिए नौ बैलों को रामनगर वन प्रभाग कोसी रेंज के जंगल में पेड़ों पर बांधा था। ग्रामीणों ने रेंजर आनंद सिंह रावत को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंचे वन बीट अधिकारी वीरेंद्र पांडे, जीवन सिंह बिष्ट, बालम सिंह मेहता, प्रदीप पंत, रमेश चंद्र आदि ने इन बैलों को मुक्त कराकर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।