हल्द्वानी। कालाढूंगी रोड स्थित जीजीआईसी के पास शनिवार शाम बस की टक्कर लगने से बाइक सवार छात्र की मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। छात्र की मौत से गांव में मातम छाया है।
पुलिस ने बताया कि गौलापार निवासी सौरभ मेहरा (17) पुत्र स्व. हीरा सिंह मेहरा हल्द्वानी सेंटपॉल में 12वीं का छात्र था। सौरभ मेहरा मुखानी स्थित एक कोचिंग में ट्यूशन पढ़ता था। शनिवार शाम करीब छह बजे सौरभ ट्यूशन पढ़कर बाइक से घर लौट रहा था। मुखानी चौकी प्रभारी खुशीराम पांडे के मुताबिक सौरभ की बाइक के आगे ट्यूशन पढ़ने वाले साथी भी दूसरी बाइक में चल रहे थे। जीजीआईसी के पास सौरभ और उसके साथियों की बाइक आपस में टकरा गई। इससे सौरभ की बाइक अनियंत्रित होकर एक बस से टकरा गई। इससे सौरभ बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा, जबकि बस आगे निकल गई।
पुलिस के मुताबिक सौरभ के दोस्तों ने आसपास के लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल सौरभ को सांई अस्पताल में भर्ती कराया। हालत बिगड़ने पर उसे कृष्णा अस्पताल रेफर किया गया। कृष्णा अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने सौरभ को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक सौरभ इकलौता चिराग था। बेटे की मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया और गौलापार के दर्जनों ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। मुखानी पुलिस के मुताबिक बस की तलाश में चेकिंग की गई, लेकिन पुलिस को बस नहीं मिली।