रामनगर। कार्बेट लैंडस्केप में शुक्रवार को करंट से एक गर्भवती हथिनी की मौत हो गई। हथिनी का शव रामनगर वन प्रभाग के लदुवा ढिकुली में मिला। उधर, कार्बेट टाइगर रिजर्व के बिजरानी रेंज में तीन महीने की हथिनी की निमोनिया से मौत हो गई। प्रमुख वन संरक्षक डा. आरबीएस रावत सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने मौका मुआयना किया है।
लदुवा ढिकुली क्षेत्र के ग्रामीणों ने शुक्रवार सुबह जंगल में हथिनी का शव देखा। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वनरक्षक वीरेंद्र पांडे, रेंजर आनंद सिंह रावत को दी। प्रमुख वन संरक्षक डा. रावत समेत कई उच्चाधिकारियों ने भी मौका मुआयना किया। जानकारी के अनुसार रामनगर से ढिकुली जा रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से हथिनी की मौत हुई। हथिनी की उम्र करीब 20 वर्ष थी।
उधर, बिजरानी रेंज के फूलताल जंगल में हुई दूसरी घटना में निमोनिया से तीन माह की मादा हाथी की मृत्यु हो गई। वरिष्ठ पशु चिकित्साधिकारी डा. राजीव सिंह, डा. आरके पाठक ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला कि हथिनी के पेट में दो माह का भ्रूण था। सीटीआर के निदेशक आरके मिश्र, डीएफओ प्रेमशंकर श्रीवास्तव, निशांत वर्मा, एसडीओ यूसी जोशी, रेंजर एमपी बिजल्वाण, डब्लूटीआई के सुमंता कुंडू, एजी अंसारी आदि ने भी मौका मुआयना किया।