हल्द्वानी। सरकारी डॉक्टरों की कमी से जूझ रहे हल्द्वानी में स्वास्थ्य सेवाएं और चरमराने वाली हैं। सरकारी अस्पतालों में संविदा पर रखे गए ज्यादातर डॉक्टरों के कांटेक्ट खत्म होने लगे हैं। इसका सबसे ज्यादा असर सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल पर पड़ा है। यहां बृहस्पतिवार को छह संविदा डॉक्टरों का कांटेक्ट खत्म हो गया। जबकि एक स्थायी डॉक्टर भी इसी दिन रिटायर हो गए। एक साथ सात डॉक्टरों की कम होने के चलते शुक्रवार से बेस अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह से चरमरा सकती हैं। फिलहाल अस्पताल प्रशासन के पास इसका कोई विकल्प भी मौजूद नहीं है। अन्य सरकारी अस्पतालों में भी डॉक्टरों की काफी कमी है। अस्पताल के डिप्टी सीएओ डॉक्टर पीसी पंत के अनुसार इन डॉक्टरों का कांटेक्ट अगले एक सप्ताह में रिन्यू हो सकता है। इसके अलावा विभाग के पास कोई चारा नहीं है। अगर ऐसा नहीं हो पाता है तो स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित होंगी। उन्होंने बताया कि स्थायी एनेस्थेटिक डॉक्टर केडी पांडे भी बृहस्पतिवार को ही रिटायर हो गए हैं।
इन डॉक्टरों के हुए कांटेक्ट खत्म
डॉक्टर एससी भट्ट- एनेस्थेटिक
डॉक्टर एससी चौधरी- पैथोलॉजिस्ट
डॉक्टर होरा- फिजीशियन
डॉक्टर ह्यांकी- पैथोलॉजिस्ट
डॉक्टर बीसी नरियाल- एनेस्थेटिक
डॉक्टर पांगती- ईएनटी