हल्द्वानी। नशे में बाइक दौड़ाने वाले दो युवक चेकिंग से बचने के चक्कर में नाले में जा गिरे। जहां से उन्हें बाइक सहित निकालकर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ एमवी एक्ट में कार्रवाई कर बाइक भी सीज कर ली गई है।
सीओ लोकजीत सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे यातायात अभियान के तहत मंगलवार शाम मंडी चौकी इंचार्ज नीरज भाकुनी बरेली रोड पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान दो युवक बिना हेलमेट के तेज रफ्तार में वहां से बाइक पर निकले। पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकना चाहा तो वो उल्टी दिशा में बाइक दौड़ाते हुए सीधे एक नाले में जा गिरे। उनके नाले में गिरते ही आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही नीरज भाकुनी अन्य पुलिसकर्मियों के साथ वहां पहुंचे और किसी तरह दोनों को नाले से बाहर निकाला। कुछ दूरी पर बह रही बाइक को भी नाले से निकाला गया। दोनों युवक नशे में धुत थे।
उनकी एल्कोमीटर से चेकिंग के बाद उनके खिलाफ 185 एमवी एक्ट में कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। युवकों की पहचान कपकोट निवासी अनुज और उसके दोस्त केरूप में हुई। वे यहां एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। वहीं अभियान के तहत पुलिस ने हल्द्वानी में एक ही दिन में 150 वाहनों के चालान किए। 30 वाहन सीज किए और 12हजार का संयोजन शुल्क वसूला। जबकि काठगोदाम पुलिस ने 30 वाहनेां के चालान, दो सीज और 18 सौ का संयोजन शुल्क वसूला।