हल्द्वानी। मंगलवार को गौला पुल को आधा-अधूरा ही खोल दिया गया है। पुल पर पैदल आवागमन शुरू हो गया। इस दौरान श्रम मंत्री हरीश दुर्गापाल ने मंगलवार को पुल का निरीक्षण किया और आश्वासन दिया कि जल्द ही पुल दोपहिया और चौपहिया वाहनों का संचालन भी जल्द शुरू हो जाएगा।
श्रम मंत्री ने आश्वस्त किया कि आठ से दस अगस्त के बीच दोपहिया वाहनों के लिए पुल खुल जाएगा। इसके बाद 25 अगस्त तक भारी वाहन भी पुल से गुजर सकेंगे। उन्होंने कहा कि पुल तैयार होने से गौला पार चोरगलिया क्षेत्र के लोगों को दस किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। गौला पुल की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने का भी निर्देश दिया गया है। इसके अलावा बरसात के समय लोग गौला नदी क्षेत्र में न जाएं, इसको भी सुनिश्चित करने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने पुल निर्माण के लिए जल्द धनराशि दी और इंजीनियरों ने भी बेहतर काम किया। इसके बाद श्रम मंत्री ने तीन पानी और मंडी नहर का जायजा लिया। उन्होंने नहर कवरिंग और सड़क चौड़ी करने की योजना बनाकर प्रस्तुत करने का निर्देश संबंधित विभागों को दिया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम हरवीर सिंह, तहसीलदार मोहन सिंह, अधिशासी अभियंता एलडी मथेला, एमसी पांडे, सहायक अभियंता मीना भट्ट, पूर्व ब्लाक प्रमुख गोपाल नेगी, बलकार सिंह नेगी, देवी दत्त पांडे, महेश बडोला आदि मौजूद थे।