हल्द्वानी। गौला बैराज में एंट्री टिकट को लेकर हुए विवाद में ठेकेदारों ने कोलकाता और आगरा से आए कुछ पर्यटकों से जमकर मारपीट की। महिलाओं से अभद्रता और बच्चों से गालीगलौच तक की गई। बाद में पीड़ितों को धमकी देकर भगा दिया गया। देर रात तक पीड़ित शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंचे।
वनभूलपुरा निवासी जिशान कोलकाता से आई अपनी खाला और आगरा से आए भाइयों के परिवार के साथ शुक्रवार शाम गौला बैराज घूमने गया था। परिवार के कुछ लोग बैराज के गेट पर एंट्री टिकट लेकर अंदर चले गए, जबकि जिशान, उसकी दो बहनें, दो भाई और दो छोटी भांजियां बाहर थे। जैसे ही वे गेट पर पहुंचे तो उन्होंने वहां खड़े लोगों से कहा कि अंदर गए रिश्तेदारों ने उनकी टिकट ले ली है। इस पर उनके बीच विवाद हो गया, जहां उन लोगों ने जिशान से मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आई उसकी बहनों से भी अभद्रता की गई। इसी बीच मारपीट करने वालों के कुछ और साथी वहां पहुंच गए और लाठी-डंडों से जिशान, उसके भाइयों पर हमला कर दिया। उन्हें जमकर पीटा गया। बाद में उन्हें जान से मारने की धमकी देकर वहां से भगा दिया। रात तक जिशान की शिकायत पर काठगोदाम पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही थी। एसओ काठगोदाम संजय पांडे ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।