हल्द्वानी। पटना में सिलसिलेवार विस्फोट होने और दीपावली त्योहार के मद्देनजर हल्द्वानी मेें पुलिस ने भीड़भाड़ वाले इलाकों में चौकसी बढ़ा दी है। मंगलवार को सीओ लोकजीत सिंह के नेतृत्व पुलिस ने बम निरोधक दस्ते के साथ बाजार, रोडवेज बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर चेकिंग की। पुलिस ने तीन संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है। ये युवक बिना कोई उद्देश्य से बाजार में आवारागर्दी कर रहे थे।
कोतवाल उत्तम सिंह जिमिवाल ने बम निरोधक दस्ते के साथ सदर बाजार से चेकिंग शुरू की। यहां गली में दुकानों के बाहर रखे सामान को मेटल डिटेक्टर से चेक किया। मीरा मार्ग, बर्तन बाजार, पटेल चौक आदि क्षेत्रों में भी चेकिंग की गई। इसके बाद टीम रोडवेज बस स्टैंड पहुंची। टीम ने यहां परिसर में सामान के रखे बड़े बंडलों और यात्रियों के सामान को जांचा। बाद में बम निरोधक दस्ते ने रेलवे स्टेशन पर भी जांच की। सीओ ने बताया कि सोमवार को पटना में हुए सात विस्फोट और त्योहारी सीजन के मद्देनजर सक्रियता बढ़ाई गई है। संदिग्धों की धरपकड़ के लिए रोजाना बाजार, रोडवेज और रेलवे स्टेशन पर चेकिंग कराई जाएगी। चेकिंग टीम में एसआई नंदन सिंह रावत, नीरज भाकुनी, शांति कुमार, प्रमोद पाठक, राजेश यादव आदि पुलिस कर्मी शामिल थे।