नैनीताल। कूर्मांचल नगर सहकारी बैंक का प्रधान कार्यालय स्थित एटीएम अब नेशनल फाइनेंशियल स्विच (एनएफएस) से जुड़ गया है। बुधवार को उत्तराखंड सरकार के वित्तीय सलाहकार तथा पूर्व मुख्य सचिव इंदु कुमार पांडे ने इस सेवा का विधिवत शुभारंभ किया। बैंक प्रबंधन के मुताबिक एनएफएस से जुड़ने के बाद कूर्मांचल बैंक का नाम संबंधित सेवा देने वाले राज्य के पहले कोआपरेटिव बैंक के रूप में दर्ज हो गया है।
बता दें एटीएम के एनएफएस से जुड़ने के बाद अब देशभर के सभी सार्वजनिक तथा निजी बैंकों के साथ ही आधा दर्जन विदेशी बैंकों के एटीएम कार्डधारक कूर्मांचल बैंक के एटीएम से धन आहरण कर सकते हैं। इतना ही नहीं कूर्मांचल बैंक के एटीएम कार्डधारक अन्य किसी भी बैंक के एटीएम से धन आहरित कर सकते हैं। श्री पांडे ने कहा कि कूर्मांचल बैंक स्थापना के बाद से ही ग्राहकों को सर्वोत्तम सेवाएं देे रहा है। बैंक अध्यक्ष आलोक साह ने कहा कि एनएफएस से जुड़ने वाला कूर्मांचल बैंक राज्य का पहला कोआपरेटिव बैंक है। साह ने कहा कि जल्द ही बैंक की सात-आठ शाखाओं में एटीएम स्थापित होंगे। उन्होंने कहा कि आरबीआई ने बैंक को 12 नई शाखाओं को खोलने की अनुमति दे दी है। बैंक सचिव मनोज साह ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि बीते वित्तीय वर्ष में बैंक के सकल व्यवसाय में 22 फीसदी तथा कुल लाभ में 25 फीसदी बढ़ोत्तरी हुई है। पालिकाध्यक्ष श्याम नारायण ने भी बैंक की सेवाओं की सराहना की। समारोह में बैंक के पूर्व उपाध्यक्ष जगदीश लाल साह, निदेशक राधा रमन, घनश्याम बिष्ट, गिरीश चंद्र पाठक, घनश्याम लाल साह, देवेंद्र लाल, पीके पांडे, गीता साह, दिनेश जोशी, संजय पाठक, दीप गंगोला, विमल साह, राजेश जोशी, जेके शर्मा, हरीश साह, राजीव साह, विनोद बिष्ट आदि थे।
राज्य का राजस्व घाटा नियंत्रण में
नैनीताल। सीएम के वित्तीय सलाहकार इंदु कुमार पांडे ने कहा कि सूबे में आई दैवीय आपदा के बाद भी राज्य का राजस्व घाटा नियंत्रण में है। बजट प्रबंधन अधिनियम के मुताबिक राज्यों का सकल राजकोषीय घाटा 3 फीसदी से अधिक नहीं होना चाहिए, जबकि उत्तराखंड का राजकोषीय घाटा 3.5 फीसदी है। केंद्र सरकार की ओर से आपदा राहत कार्यों में पर्याप्त धनराशि देना भी इसका मुख्य कारण है। आपदा से बैंकिंग कारोबार पर भी विशेष प्रभाव नहीं पड़ा। ब्यूरो
फोटो सहित 30एनटीएल 01पी तथा 02पी से