लालकुआं। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के चुनाव में शुक्रवार को संजय सिंह किरौला को नैनीताल दुग्ध संघ का निर्विरोध अध्यक्ष घोषित किया गया है। भाजपा नेता रविन्द्र रैकुनी को उपाध्यक्ष, भरत नेगी और चंपा रैक्वाल को उत्तराखंड कारपोरेशन डेयरी फेडरेशन के लिए नामित किया गया है।
नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ प्रबंध कमेटी चुनाव में संचालक निर्वाचित किए जाने के बाद शुक्रवार को दुग्ध संघ अध्यक्ष पद के नामांकन प्रक्रिया में एकमात्र संचालक संजय किरौला ने अध्यक्ष पद पर दावेदारी जताई। इस पर उन्हें निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। वहीं अन्य संचालकों और अध्यक्ष की सहमति से संचालक भरत नेगी और महिला संचालक चंपा रैक्वाल को यूसीडीएफ के लिए नामित किया गया। हल्दूचौड़ क्षेत्र से निर्वाचित संचालक रविन्द्र रैकुनी को संघ का उपाध्यक्ष निर्वाचित किया गया। इधर, सभी संचालक प्रतिनिधियों और अध्यक्ष संजय किरौला का संघ परिसर में जोरदार खैरमकदम किया गया। इस मौके पर कांग्रेस प्रदेश सचिव हरेन्द्र बोरा, युकां प्रदेश अध्यक्ष कीर्ति लोहनी, प्रमोद कलोनी, नगर पंचायत अध्यक्ष रामबाबू मिश्रा, जिपं अध्यक्ष कुंवर सिंह नेगी, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष राजेन्द्र नेगी, अध्यक्ष जिला उपभोक्ता भंडार मो. अनवार, मुकेश मेहरा, घनश्याम शर्मा, गोपाल गंगोला, प्रकाश गजरौला, उमेश शर्मा, नवीन दुम्का, अशोक अग्रवाल, इन्द्र बिष्ट, आशीष भाटिया आदि लोग शामिल थे। इधर, प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं सहकारिता मंत्री यशपाल आर्य, कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव प्रकाश जोशी ने अध्यक्ष आदि ने शुभकामनाएं दी हैं।