हल्दूचौड़। शुक्रवार को गोरापड़ाव में कार की टक्कर से घायल विक्रम सवार भुवन चौबे (32) की शनिवार को एसटीएच में मौत हो गई। उधर, पुलिस ने कार के फरार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। उसकी तलाश की जा रही है।
मोटाहल्दू के बकुलिया निवासी भुवन चौबे घरेलू काम से शुक्रवार को विक्रम से हल्द्वानी जा रहा था। गोरापड़ाव के समीप विक्रम को तेज गति से आ रही बिना नंबर की कार ने जबरदस्त टक्कर मार दी थी। विक्रम चालक सहित तीन गंभीर घायलों को एसटीएच में भर्ती करवाया गया था। भुवन की नाजुक हालत को देख रात में उसका आपरेशन भी हुआ, लेकिन अत्यधिक खून बहने से उसने देर रात दम तोड़ दिया। इधर, भुवन की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। उसकी 4 वर्ष बेटी है। उसके भाई की ओर से अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया गया है।