हल्द्वानी। लोक निर्माण विभाग को रामपुर रोड के कुछ हिस्से को चौड़ा करने के लिए बजट स्वीकृत हो गया है। करीब दो करोड़ से सिंधी चौराहे के पास से एसटीएच तक नाले को कवर करने के साथ ही सड़क का चौड़ाकरण किया जाएगा। इसके अलावा एसटीएच के पास पार्किंग भी बनाने की योजना है।
कालटैक्स से लेकर आईटीआई (रामपुर रोड) तक नहर को कवर किया गया है। इसके अलावा देवलचौड़ से लेकर बिड़ला तीन ताश तक भी नहर को कवर कर मार्ग को चौड़ा किया जा रहा है। अब लोनिवि ने रामपुर रोड पर सिंधी चौराहे के पास से सुशीला तिवारी अस्पताल तक बहने वाले नाले को कवर करने की योजना बनाई। करीब डेढ़ किलोमीटर इस नाले की कवरिंग के लिए बजट जारी हो गया है। हालांकि नाले पर समता आश्रम गली तक पूर्व में स्लैब डालकर को ढका जा चुका है, पर लोनिवि नए सिरे से पूरे नाले को कवरिंग करने की योजना बनाई है। अधीक्षण अभियंता जीएस पांगती ने बताया कि कवरिंग के साथ मार्ग चौड़ा करने का काम भी समानांतर होगा। इससे ट्रैफिक का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। सुशीला तिवारी अस्पताल के पास बड़ी संख्या में वाहन मार्ग पर खड़े होते हैं, ऐसे में एचएन इंटर कालेज के पास पार्किंग स्थल विकसित किया जाएगा, जिससे वाहनों के सड़क पर खड़े होने से लगने वाले जाम से छुटकारा मिल सके। पहले यहां पर मल्टी परपज पार्किंग बनाने की योजना थी, जिसको फिलहाल स्थगित करते हुए दुपहिया वाहनों के लिए पार्किंग बनेगी। सड़क निर्माण का काम दस दिन में शुरू हो जाएगा।
अवैध निर्माण का क्या होगा
हल्द्वानी। लोक निर्माण विभाग ने भले मार्ग चौड़ीकरण करने की योजना बनाई हो, लेकिन मार्ग अवैध कब्जे की चपेट में है। कई प्रतिष्ठानों ने अपने दुकान के छज्जे मार्ग पर निकाले हुए हैं। आगे मोड़ के पास जो नाले को कवर किया गया है, उस पर भी लोग अपना सामान, वाहन आदि को रखते हैं।