हल्द्वानी। घरेलू गैस की कालाबाजारी एवं उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी नहीं देने से गुस्साए भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को इंडेन गैस एजेंसी प्रबंधक का घिराव किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि घरेलू गैस ब्लैक में बिक रही है, जबकि उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर लेने के लिए पापड़ बेलने पड़ रहे हैं। गैस की मांग करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है।
शहर में घरेलू गैस की मारामारी है। उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी तो दूर बुकिंग कराने के बाद भी महीनों तक गैस नहीं मिल रही है। जिलाधिकारी के आदेश भी हवाई साबित हुए हैं। भाजयुमो जिलाध्यक्ष विकास भगत के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को इंडेन गैस एजेंसी प्रबंधक का घिराव किया। विकास भगत ने कहा कि गैस की कालाबाजारी हो रही है। उपभोक्ता परेशान हैं और कुमाऊं मंडल विकास निगम के अफसर चुप्पी साधे हैं।
जिला महामंत्री सुरेश गौड़ ने कहा कि गैस वितरण व्यवस्था नहीं सुधरी तो भाजयुमो एजेंसी कार्यालय तालाबंदी करेगी। मंडल अध्यक्ष नीरज बिष्ट और दीपू नेगी ने कहा कि कालाबाजारी होने से उपभोक्ताओं को कई हफ्तों से गैस नहीं मिल रही है। इस दौरान जगदीश लोसाली, हेमंत साहू, बाबी संभल, अभिषेक मल्होत्रा, मुकेश पलड़िया, चमन गुप्ता, राजेंद्र सुयाल, पंकज, गौरव जोशी, सुनील, नीरज, विकास, योगेश, अनवर खान, प्रकाश, दीपू, संदीप, विपिन, भूपेंद्र आदि थे।