हल्द्वानी। लोकसभा चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने एमबीपीजी कालेज को 28 मार्च से अधिग्रहण कर लिया है। अब 20 मई तक कालेज में जिला निर्वाचन कार्यालय कार्य करेगा। इधर, इस बीच कालेज में स्नातक कक्षाओं का शिक्षण कार्य स्थगित रहेगा, लेकिन पीजी की सेमेस्टर की कक्षाएं चलती रहेंगी।
लोकसभा चुनाव के लिए पूर्व में पहली अप्रैल से एमबीपीजी कालेज को अधिग्रहण करने की बात कही गई थी। एमबी कालेज समेत पिथौरागढ़ और बागेश्वर महाविद्यालय को प्रशासन द्वारा अधिग्रहीत किए जाने की वजह से ही कुमाऊं विश्वविद्यालय को दो अप्रैल से घोषित मुख्य परीक्षाएं स्थगित करनी पड़ी थी। बुधवार को जिलाधिकारी अक्षत गुप्ता का आदेश एमबीपीजी कालेज पहुंचा, जिसमें अब 28 मार्च से 20 मई तक जिला निर्वाचन कार्यालय के लिए कालेज को अधिग्रहण करने की बात कही गई है। इसके बाद निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारियों ने कालेज पहुंचकर कार्यालय के लिए कमरों का निरीक्षण किया। इन कक्षों में टेलीफोन नंबर के अलावा इंटरनेट की लाइनें लगाने का कार्य गुरुवार को किया जाना है।
प्राचार्य डा. बीसी मेलकानी ने बताया कि स्नातक कक्षाओं का शिक्षण कार्य स्थगित रहेगा, लेकिन पीजी की सेमेस्टर की कक्षाएं नियमित रूप से चलेंगी। सेमेस्टर के विद्यार्थी संबंधित प्राध्यापकों से संपर्क कर सकते हैं।