हल्द्वानी। जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव संपन्न कराने के लिए हल्द्वानी, कोटाबाग और रामनगर विकासखंडों में तैनात किए गए करीब एक हजार कर्मचारियों को दो पालियों में प्रशिक्षण दिया गया।
खालसा गर्ल्स इंटर कालेज के सभागार में हुए प्रशिक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ललित मोहन रयाल, परियोजना निदेशक हरगोविंद भट्ट ने तकनीकी और व्यावहारिक पक्ष की जानकारी दी। उन्होंने कर्मचारियों की शंका का समाधान किया। सीडीओ रयाल ने बताया कि सुबह आठ से सायं 5 बजे तक मतदान होगा। यह भी निश्चित किया जाए कि मतदान केंद्र के 100 मीटर के दायरे में किसी प्रकार की भीड़ जमा न हो। किसी भी प्रत्याशी का आतिथ्य स्वीकार नहीं करें। मतपत्र देते समय विशेष सावधानी बरतें। उन्होंने कहा कि मतदेय स्थलों की दूरी के हिसाब पार्टियों को रवाना किया जाएगा। मतदान पार्टी को मतदान से एक दिन पूर्व मतदेय स्थल पर पहुंचना होगा। मतदान करने वाले मतदाता का नाम सूची में रेखांकित किया जाएगा।