नैनीताल। पर्यटक सीजन में वाहनों के बढ़ते दबाव को देखते हुए नया ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। इसे तत्काल प्रभाव से लागू भी कर दिया गया है। मंगलवार को एडीएम उदय सिंह राणा ने प्रशासनिक अधिकारियों से साथ क्षेत्र का निरीक्षण किया। नए ट्रैफिक प्लान के मुताबिक अति आवश्यकीय सेवाओं को छोड़कर कालाढूंगी से आने वाले बड़े वाहन सूखाताल में सड़क के किनारे खुले स्थान पर पार्क किए जाएंगे। इसके आगे बड़े वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित होगा। कालाढूंगी से अल्मोड़ा, रानीखेत, मुक्तेश्वर जाने वाले वाहन खुर्पाताल बाईपास से होते हुए जाएंगे।
इसी प्रकार अति आवश्यकीय और रोडवेज वाहन को छोड़ हल्द्वानी से आने वाले बड़े वाहन ज्योलीकोट के प्रथम बैंड से वाया गेठिया, भवाली मस्जिद तिराहा से कैलाखान पहुंचेंगे। जहां वह चौड़ी सड़क के किनारे पार्क होंगे।
एडीएम ने बताया कि शहर में ट्रैफिक जाम होने की स्थिति में कालाढूंगी, मंगोली, बारापत्थर पुलिस चौकी, हल्द्वानी रोड में हनुमानगढ़, ज्योलीकोट वाहनों को रोक दिया जाएगा। जिसके बाद प्रत्येक 5-5 मिनट बाद वाहनों को छोड़ा जाएगा। स्कूल के वार्षिकोत्सव और अन्य विशेष मौकों पर अभिभावकों को बारापत्थर से होते हुए स्कूल भेजा जाएगा। एसडीएम शिवचरण द्विवेदी ने बताया नियमों की अवहेलना करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसी क्रम में अधिकारियों ने नगर क्षेत्र का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया।