हल्द्वानी। प्री-मानसूूनी बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी है। एक सप्ताह तक पर्वतीय क्षेत्रों से लेकर तराई तक बारिश होने की संभावना है। जून की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया था। पारा 42 डिग्री के करीब तक पहुंच गया था। तीन दिन पूर्व अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। सोमवार सुबह बारिश होने के बाद लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की। पंतनगर विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एचएस कुशवाहा ने बताया कि लो-प्रेशर सिस्टम होने के कारण बारिश हो रही है। यह मानसून से पहले की बरसात है। आगामी एक सप्ताह में पर्वतीय क्षेत्रों से लेकर मैदानी क्षेत्रों में बारिश होगी, साथ ही घने बादल छाए रहेंगे। डॉ. कुशवाहा ने बताया कि पिथौरागढ़, चमोली, उत्तरकाशी, अल्मोड़ा, नैनीताल और चंपावत में 30 से 35 मिली मीटर बारिश की संभावना है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में 20 से 25 मिली मीटर बरसात होगी। उन्होंने बताया कि हल्द्वानी में मंगलवार को अधिकतम तापमान 35.6 और न्यूनतम 28.4 डिग्री रहा, सुबह आर्द्रता 80 फीसदी और दोपहर को 50 फीसदी रही। हवा की गति 5.2 किलोमीटर प्रतिघंटा रही, इसके अलावा मंगलवार को 25 मिलीमीटर बरसात हुई। बुधवार को अधिकतम तापमान 36.8 और न्यूनतम 27.4 डिग्री रहने की संभावना है।