रामनगर। दहेज की मांग को लेकर ससुरालियाें ने बहू पर केरोसिन डालकर उसे जलाने का प्रयास किया। आसपास रह रहे लोगों ने किसी तरह पीड़ित को बचाया। घटना शनिवार की है। पीड़ित महिला के पिता ने दामाद समेत नौ लोगों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। ग्राम रायपुर (ऊधमसिंह नगर) निवासी मो. यासीन ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उन्होंने अपनी बेटी नाजिया का विवाह दो वर्ष पूर्व ग्राम तेलीपुरा निवासी वसीम के साथ किया था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही नाजिया के पति वसीम, सास रहीसन, नंद सोनम, साधना, दूसरी पत्नी गुड़िया, देवर नदीम, नंदोई युनूस, मो. आरिफ, मुवारिक सभी निवासी तेलीपुरा उसे दहेज के लिए प्रताड़ित और मारपीट करने लगे। मारपीट से तंग आकर जब दो माह पूर्व उनकी बेटी मायके आई तो इस बीच ससुराल वालों ने वसीम की दूसरी शादी गुड़िया से कर दी। इस संबंध में हुई पंचायत में कोई फैसला नहीं हो सका। इसके बाद पांच जुलाई को ससुरालियों ने नाजिया पर केरोसिन डालकर जलाने का प्रयास किया, लेकिन पड़ोस के लोगों ने उसे बचा लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।