भीमताल। स्वजल परियोजना के तहत राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल कार्यक्रम के तहत धारी ब्लाक सभागार में पंचायत प्रतिनिधियों का एक दिनी क्षमता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ। ब्लाक प्रमुख अंजू नयाल की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में परियोजना प्रबंधक प्रदीप तिवारी ने राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने जनप्रतिनिधियों का आह्वान किया कि वह स्वच्छता कार्यक्रम अपनाकर ग्राम पंचायतों को निर्मल ग्राम बनाएं। सामुदायिक विकास विशेषज्ञ चंद्रकांत मणि त्रिपाठी ने निर्मल भारत अभियान, मनरेगा से बनाए जाने वाले शौचालयों की जानकारी दी। पर्यावरण विशेषज्ञ दीपक तिवारी ने पेयजल स्वच्छता पर जोर दिया। ग्राम प्रधान संगठन अध्यक्ष सुरेश आर्य ने जनप्रतिनिधियों से शौचालय विहीन परिवारों को शौचालय बनाने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। इस मौके पर पूर्व प्रधान लीला बिष्ट, जगदीश चंद्र कांडपाल, भुवन चंद्र कोटलिया, आनंद सिंह, पपेंद्र रमोला आदि थे।