हल्द्वानी। तेलंगाना में डकैती के आरोपी को उत्तराखंड एसटीएफ ने बुधवार रात खटीमा के बानूसी गांव से गिरफ्तार कर लिया। वह मूल रूप से वहीं का रहने वाला है और डकैती के बाद करीब एक माह से गांव में छिपा था। इस डकैती में शामिल उसके पिता और भाई सहित 6 अन्य आरोपियों की तलाश में भी दबिशें दी जा रही हैं। पकड़े गए आरोपी को तेलंगाना पुलिस वारंट बी पर ले जाने की तैयारी कर रही है।
एसटीएफ इंस्पेक्टर योगेश चंद्र के अनुसार सूचना मिली कि सितंबर में तेलंगाना में डकैती डालने वाला गिरोह उत्तराखंड का है, जिसके आधार पर लगातार यहां के पुराने बदमाशों पर नजर रखी गई। इसी दौरान बानूसी झनकट (खटीमा) निवासी जसवंत उर्फ जस्सा और उसके साथियों के बारे में जानकारी मिली। जांच के दौरान इनके ही डकैती में शामिल होने की पुष्टि हुई। जसवंत की लोकेशन गांव में मिलने पर उसे बुधवार रात गिरफ्तार कर लिया गया। उसने बताया कि डकैती में उसके पिता जगतार, भाई वीरू, दिल्ली निवासी बिट्टू, सितारगंज निवासी सतनाम और लखीमपुर निवासी मंगत भी शामिल थे। उनके भी खटीमा और आसपास होने की सूचना पर लगातार दबिशें दी जा ही हैं। जस्सा और उसके साथियों पर उत्तराखंड, तेलंगाना, आंध्रा, यूपी, एमपी, हरियाणा और दिल्ली में दर्जनों मुकदमे हैं। जस्सा को पकड़ने वाली टीम में एसआई अमर शर्मा, संजय मिश्रा, कांस्टेबल आशीष शर्मा, महेंद्र सिंह, वेद प्रकाश, महेंद्र डंगवाल शामिल थे। एसएसपी एसटीएफ सेंथिल अबुदेई ने टीम को ढाई हजार का इनाम देने की घोषणा की है।