हल्द्वानी। नैनीताल के शेरवुड स्कूल में 9वीं के छात्र नेपाल निवासी शान प्रजापति (14) की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब सोशल मीडिया पर ‘जस्टिस फार शान’ के नाम से भी छा गया है। बड़ी संख्या में नैनीताल के लोग, शेरवुड के पूर्व छात्र फेसबुक, व्हॉट्सएप, ट्विटर पर शान के लिए न्याय की मांग कर रहे हैं। लोगों ने उसे न्याय दिलाने के लिए एक विरोध मार्च निकालने की भी बात कही है।
सोशल मीडिया पर चल रही इस मुहिम को सबसे ज्यादा सपोर्ट करने वाले लोग काठमांडू (नेपाल) से हैं। लोगों ने सोशल मीडिया के जरिए ही शेरवुड में पहले भी हुई इस तरह की घटनाओं और शान की मौत में स्कूल की लापरवाही पर फोकस किया है। वहीं शान की मां नीना श्रेष्ठ ने काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास में निष्पक्ष जांच की गुहार लगाई है। नीना श्रेष्ठ वर्ल्ड बैंक नेपाल में कार्यरत हैं। उन्होंने इस मामले में स्कूल की लापरवाही की निष्पक्ष जांच कर सच सामने लाने की मांग की। शान की नोएडा के एक अस्पताल में सेप्टीसीमिया से शुक्रवार को मौत हो गई थी। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर समय से इलाज नहीं कराने का आरोप लगाया था। स्कूल के प्रतिष्ठित छात्रों ने भी इस मामले को गंभीर बताते गुस्सा जाहिर किया। उन्होंने बुधवार को होने वाली स्कूल की संचालन समिति की बैठक में इस पर बहस करने की बात कही। खासकर स्कूल के प्रिंसिपल अमनदीप संधू की ओर से बरती जा रही अनियमितताओं की जांच कराने और उन्हें रोकने की बात मीटिंग में उठाने को कहा गया है। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नोएडा में जीरो एफआईआर दर्ज करवाई थी।