नैनीताल। साइबर क्राइम की वारदातें बढ़ती जा रही हैं। हाईकोर्ट में तैनात एक कर्मचारी के एटीएम से जालसाजों ने 46 हजार रुपए उड़ा लिए। कर्मचारी ने मल्लीताल पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
तहरीर में हाईकोट में तैनात कर्मचारी रूप राम भट्ट ने लिखा है कि रविवार 14 दिसंबर को दोपहर 1.19 बजे उनके मोबाइल 9411167395 में 7033677339 मोबाइल नंबर से काल आई। काल करने वाले ने कहा कि वह मुंबई एसबीआई के एटीएम से बोल रहा है। उनका एटीएम बंद कर दिया गया है। उसे दोबारा खुलवाने के लिए अपने एटीम का कोड नंबर बताएं। उन्होंने उसे अपना एटीएम कोड नंबर बता दिया। कुछ देर बाद उनके मोबाइल में मैसेज आया तो पता चला कि उनके खाते से 46 हजार रुपए निकाल लिए गए हैं। पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।