पौड़ी। मौसम विभाग की जिले में अगले 72 घंटों तक भारी वर्षा की चेतावनी पर डीएम सुुशील कुमार ने जिले में आपदा नियंत्रण कक्ष को मुस्तैदी से कार्य करने के आदेश दिए हैं। साथ ही डीएम ने सभी अधिकारियों के मुख्यालय छोड़ने पर रोक लगा दी है।
डीएम ने बताया कि मौसम विभाग ने जिले में 115 से 204 मिमी वर्षा होने की चेतावनी दी है। जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम, तहसीलदारों, आईआरएस सिस्टम से जुड़े अधिकारियों, राजस्व उप निरीक्षकों समेत जिला स्तरीय अधिकारियों को अल्टीमेटम को गंभीरता से लेने को कहा है। उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशील क्षेत्रों में आपदा संबंधी घटनाओं की जानकारी तत्काल जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को अपडेट कराने, ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम प्रहरियों, पटवारियों को मुस्तैदी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने लोगों से जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 1368-221840 पर आपदा की घटनाओं की सूचना देने की अपील की है।