पौड़ी। गढ़वाल मंडल मुख्यालय पौड़ी पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय सचिव तीरथ सिंह रावत ने पार्टी कार्यकर्ताओं में ऊर्जा कर संचार कर दिया। उन्होंने कहा कि लोक सभा चुनाव-2019 का शंखनाद हो चुका है। कार्यकर्ताओं को इसके लिए अभी से जुट जाना है। उन्होंने कहा कि मार्च 2019 के प्रथम सप्ताह में आम चुनाव की आदर्श आचार संहिता लग सकती है।
मंगलवार को मंडल मुख्यालय पौड़ी में पत्रकारवार्ता में भाजपा के राष्ट्रीय सचिव तीरथ सिंह रावत ने कहा कि लोक सभा चुनाव 2019 में भाजपा फतह करेगी। मोदी दोबारा प्रधानमंत्री होंगे। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना, सौभाग्य योजना, डिजिटल इंडिया, स्किल इंडिया जैसी अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं केंद्र सरकार ने जनता को समर्पित कीं। अब आर्थिक रूप से कमजोर सवर्णों को शिक्षा व नौकरियों में 10 प्रतिशत आरक्षण का कानून लाकर बहुत बड़ा काम किया है। उन्होंने कहा कि तीन मार्च तक देश के विभिन्न राज्यों में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पन्ना प्रमुख अभियान तैयार किया है। इस अभियान को हिमाचल प्रदेश की दो लोक सभा सीटों पर शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा उत्तराखंड की पांचों और हिमाचल की चारों सीटों पर बड़ी जीत हासिल कर प्रधानमंत्री की ताकत को मजबूत करेगी। गढ़वाल लोक सभा सीट पर उनकी दावेदारी पर तीरथ रावत ने कहा कि पार्टी की संसदीय कमेटी टिकट का निर्धारण करती है। पार्टी का निर्णय होगा, तो जरूर चुनाव लड़ा जाएगा। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत, नगर अध्यक्ष राजेंद्र रावत, गढ़वाल लोक सभा के सह-मीडिया प्रभारी ओपी जुगरान, दिनेश कोटियाल, पूर्व जिलाध्यक्ष सुमनलता ध्यानी, रेखा ममगाईं, लक्ष्मण बिष्ट, दिगंबर नेगी, शशि रतूड़ी, विक्रांत रावत व प्रशांत काला आदि मौजूद थे।