श्रीनगर। विकासखंड कीर्तिनगर का रामपुर गांव आज भी मोटर मार्ग से नहीं जुड़ पाया है, जबकि वर्ष 2010 में गांव के लिए मोटर मार्ग का निर्माण कार्य स्वीकृत किया गया था। तब से अब तक विभाग मात्र पौन किमी मोटर मार्ग का ही निर्माण कर पाया है।
पूर्व प्रधान रजनी देवी ने बताया कि अभी भी गांव मोटर मार्ग से करीब डेढ़ किमी दूर है। प्रधान मनमोहन सिंह ने बताया कि मोटर मार्ग का निर्माण अधूरा होने से ग्रामीणों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। जो मार्ग बनाया गया है उस पर आवाजाही न होने से वह भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। ग्रामीण भागवत सिंह, जगमोहन सिंह, प्रमोद सिंह, वासूदेव सिंह, अनिल सिंह व प्रेम सिंह आदि ने शासन प्रशासन से मार्ग का निर्माण गांव तक करवाने की मांग की है। सहायक अभियंता हर्षवर्द्धन मैठाणी का कहना है कि रामपुर गांव तक मोटर मार्ग निर्माण के लिए शासन को डेढ़ किमी का प्रारंभिक आगणन भेजा गया है। स्वीकृत होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।