पौड़ी। भातखंडे हिंदुस्तानी संगीत महाविद्यालय के वार्षिकोत्सव में शास्त्रीय गायन व नृत्य की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। इंटर कालेज परसुंडाखाल के प्रधानाचार्य विमल नेगी ने दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
वार्षिकोत्सव के शुभारंभ पर साक्षी डोभाल ने राग यमन, बड़ा ख्याल, तीन ताल में निबद्ध छोटा ख्याल व विकास ने राग केदार, एक ताल की प्रस्तुति दी। प्रवण, प्रियांशुु, प्रज्जवल चौहान, मयंक, अभिनय टम्टा व माधव आदि ने तबले पर एकल वादन प्रस्तुत किया। इसके अलावा मणिपुरी, राजस्थानी व अन्य प्रांतों के नृत्य भी प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में गढ़वाली व कुमाऊंनी फोक नृत्य व गीतों ने भी धूम मचाई। मुख्य अतिथि विमल नेगी ने कहा कि भातखंडे पौड़ी की शान है। भातखंडे के छात्र पूरे देश में राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं। कार्यक्रम में संगीत महाविद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी आरएस कैलखुरी गब्बर नेगी, केशवानंद नौटियाल, अनिल बिष्ट , गौरीशंकर थपलियाल, मोहन रावत, हिमानी, इंद्रमोहन चमोली व राजेंद्र खंकरियाल आदि मौजूद रहे।