पौड़ी। जिला युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों ने डीएफओ से मुलाकात कर मांग की कि शहर से बंदरों को भगाने के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, अन्यथा उन्हें आंदोलन के लिए विवश होना पड़ेगा।
बंदर अब शहरवासियों पर हमला करने लगे हैं। गत सप्ताह बंदरों ने कालेज जा रही दो छात्राओं पर हमला किया और उन्हें हाथ व पांव पर दांत गाढ़ दिए। इसके बाद एक और महिला पर भी बंदरों ने हमला किया। ऐसे में कंडोलिया रोड, विकास भवन मार्ग, ट्रेजरी, अपर चोपड़ा, लोअर चोपड़ा व सेंट थॉमस मोहल्ला समेत अन्य क्षेत्रों में बंदरों की दहशत है। युवा कांग्रेस ने डीएफओ लक्ष्मण सिंह से मांग की कि बंदरों को भगाने के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। चेतावनी दी कि यदि विभाग शीघ्र कोई कदम नहीं उठाता तो युवा कांग्रेस आंदोलन करेगी। डीएफओ ने सकारात्मक कार्रवाई का विश्वास दिया। प्रतिनिधिमंडल में एनएसयूआई के प्रदेश सचिव मोहित, आकाश रावत, शुभांकर, विपिन व पंकज सेमवाल आदि शामिल रहे।