श्रीनगर। शहर और आसपास के क्षेत्रों में ई-रिक्शा संचालन के लिए स्टॉप टियर्स के सुझाव पर आरटीओ (संभागीय परिवहन) प्राधिकरण की बैठक में विचार होगा। कमेटी सहमत होती है, तो परिवहन विभाग ई-रिक्शा संचालन के लिए सर्वेक्षण कराएगा।
नगर पालिका क्षेत्र श्रीनगर और इससे सटे गावों की आबादी काफी तेज गति से बढ़ी है। यहां काफी अंदरूनी मार्गों का निर्माण हुआ है। नई-नई बस्तियों के निर्माण के बाद लगभग 15-16 किलोमीटर में फैले हुए क्षेत्र में यातायात के साधनों की कमी महसूस की जा रही है। इसे देखते हुए नगर पालिका परिषद ने पूर्व में ई-रिक्शा चलाने की कवायद की थी लेकिन परिवहन विभाग से अपेक्षित सहयोग न मिलने के कारण यह प्रस्ताव ठंडे बस्ते में चला गया।
तत्पश्चात स्टॉप टियर्स संस्था ने अक्तूबर 2018 में यातायात के विकल्प के रुप में ई-रिक्शा संचालन हेतु बिलकेदार, कीर्तिनगर, उफल्डा, भक्तियाना व श्रीकोट आदि क्षेत्रों में सर्वेक्षण किया। इस सर्वेक्षण में लगभग 93 प्रतिशत लोगों ने ई-रिक्शा के पक्ष में राय दी। इस रिपोर्ट को संस्था ने मुख्यमंत्री सहित परिवहन विभाग के अधिकारियों को भेजते हुए श्रीनगर-एनआईटी-उफल्डा-कीर्तिनगर, श्रीनगर-श्रीकोट व कीर्तिनगर-बिलकेदार रूट पर ई-रिक्शा संचालन के लिए सर्वेक्षण की मांग की थी। संस्था के संस्थापक प्रमोद बमराड़ा ने बताया कि एआरटीओ से पत्र मिला है। जिसमें संस्था के सुझाव को संभागीय परिवहन प्राधिकरण की बैठक में रखे जाने की बात की गई है।
इधर, एआरटीओ द्वारिका प्रसाद ने बताया कि उच्चाधिकारियों की अनुमति से प्राधिकरण की बैठक आयोजित की जाएगी। जिसमें यह मुद्दा रखा जाएगा।