देवप्रयाग ब्लाक देवप्रयाग के पंतगांव में पेयजल आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। ग्रामीण जयप्रकाश पंत ने बताया कि 38 वर्ष पूर्व ग्रामीणों के आपसी सहयोग से पेयजल योजना का निर्माण किया गया था। किंतु कुछ दिन पूर्व ऑलवेदर रोड निर्माण कार्य के दौरान पेयजल योजना पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। अब गांव के 20 से अधिक परिवारों को पेयजल समस्या से जूझना पड़ रहा है। योजना के पाइप मलबे में दब जाने से उन्हें दोबारा जोड़ना भी मुश्किल है। एनएच लोक निर्माण खंड के अधिकारियों ने आश्वासन दिया था कि शीघ्र ही योजना की मरम्मत की जाएगी लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। ग्रामीण प्यारे लाल पंत, भैरवदत्त पंत, आशुतोष, राजेश, द्वारिका प्रसाद पांडेय, गिरीशचंद्र आदि ने योजना पर पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की।