पौड़ी। जनपद पौड़ी के दो दिवसीय भ्रमण पर पहुंचीं राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने बुधवार को जिला महिला अस्पताल का निरीक्षण कर अस्पताल में भर्ती मरीजों का हाल जाना। इसके बाद राज्यपाल ने भूम्याल देव कंडोलिया मंदिर में पूजा अर्चना की।
राज्यपाल ने जिला महिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर भर्ती रोगियों को पुष्टाहार वितरित किया। उन्होंने अस्पताल में बने आशाघर, टीकाकरण कक्ष एवं महिला भर्ती वार्ड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में विभागीय सुविधाओं की भी जानकारी ली। इससे पूर्व राज्यपाल ने सर्किट हाउस पौड़ी में विभागीय एवं स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण कर संबंधित लोगों से स्टॉल में उपलब्ध सामग्री की जानकारी ली। विभागीय विशेषज्ञ कर्मचारियों ने उन्हें सब्जियों एवं फलों के उत्पादन के बारे में बताया। राज्यपाल ने पशुपालन विभाग को दुग्ध एवं उसके उत्पादन को बढ़ाने को कहा। उन्होंने प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के संबंध में भी जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान मंडल आयुक्त शैैलेश बगोली, डीआईजी गढ़वाल अजय रौतेला, मुख्य विकास अधिकारी दीप्ति सिंह, पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग प्रहलाद सिंह मीणा, एडीओ राज्यपाल असीम श्रीवास्तव, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. बीएस जगपांगी, सीएमएस डा. आरएस राणा, सीएमएस महिला अस्पताल डा. मेघना असवाल, उप जिलाधिकारी सदर एसएस राणा आदि मौजूद रहे।