पौड़ी। नगर पालिका पौड़ी के निवर्तमान अध्यक्ष यशपाल बेनाम भाजपा में शामिल हो गए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा में नेताओं और कार्यकर्ताओं का सम्मान होता है, लेकिन कांग्रेस ने उन्हें सम्मान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि उनके भाजपा में आने से यदि कोई कार्यकर्ता नाराज है तो उसे मनाया जाएगा।
नगर पालिका पौड़ी के निवर्तमान अध्यक्ष और पूर्व विधायक यशपाल बेनाम के भाजपा में शामिल होने की कयासबाजी लंबे समय से लगाई जा रही थी। बेनाम ने कहा कि कांग्रेस में उन्हें सम्मान नहीं मिला। कांग्रेस से उन्हें न नगर पालिका और न ही विधानसभा चुनाव में टिकट मिला। नतीजतन उन्हें निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरना पड़ा। उन्होंने कहा कि जो क्षेत्र का विकास करेगा, वह उसके साथ हैं। भाजपा ने कर्णप्रयाग-ऋषिकेश रेल परियोजना, ऑलवेदर रोड आदि कई कार्य किए हैं। उनके भाजपा में शामिल होने पर कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच नाराजगी के सवाल पर उन्होंने कहा कि जो लोग नाराज हैं, वे उन्हें समझाने का प्रयास करेंगे।