पौड़ी। संयुक्त चिकित्सालय सतपुली में स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग को लेकर कई दिनों के अनशन के बाद भी मांग पर अमल न हुआ तो नयार घाटी विकास समिति के अध्यक्ष महिपाल ने इसके लिए आंदोलन का अनूठा तरीका अपनाया। बुधवार को वे सतपुली से लालटेन लेकर पैदल गढ़वाल कमिश्नर कार्यालय पहुंचे।
गढ़वाल कमिश्नर कार्यालय में अपर आयुक्त हरक सिंह रावत से मिले महिपाल सिंह ने बताया कि वे पिछले 25 दिनों से सतपुली में क्रमिक अनशन पर थे। इसके बाद भी अस्पताल में पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो पाई हैं, जिससे दूरदराज के क्षेत्रों से अस्पताल आने वाले मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में पर्याप्त डाक्टर, एक्सरे, अल्ट्रासाउंड मशीन, पैथोलोजी सहित कई सुविधाएं नहीं हैं, जिससे क्षेत्र के लोगों में नाराजगी है। यह हाल तब है जबकि खुद मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत इसी क्षेत्र के हैं। महिपाल सिंह ने इसके बाद अपर आयुक्त के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा। अपर आयुक्त हरक सिंह रावत ने कहा कि वे मामले में मुख्य चिकित्सा अधिकारी से बात करेंगे।