पौड़ी। अगरोड़ा में आयोजित पांच दिवसीय कफोलस्यूं महोत्सव लोक गायिका संगीता ढौंडियाल की शानदार प्रस्तुतियों के साथ संपन्न हो गया है। महोत्सव में अतिथियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया।
युवा उत्थान समिति अगरोड़ा (कफोलस्यूं) की ओर से आयोजित कफोलस्यूं महोत्सव के समापन कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लाक प्रमुख कल्जीखाल महेंद्र सिंह राणा ने किया। इस मौके पर उन्होंने लोक संस्कृति के संरक्षण में युवाओं की पहल को सराहनीय बताया। महोत्सव में लोक गायिका संगीता ढौंडियाल ने ढोल दमो बजी गेना व ह्यूंद का दिना गीतों की प्रस्तुति दी। उनके मेरा बाजू रंगा रंग बिचारी... गीत पर दर्शक जमकर थिरके। लोक गायक सौरभ मैठाणी ने बौ कतई नि जाणू सतपुली का सैंणा आदि गीतों की प्रस्तुतियां दीं। महोत्सव में यूथ फाउंडेशन के स्वास्थ्य शिविर में ग्रामीणों व छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। महिला मंगल दल की नृत्य नाटिका मेरी बामणी ने वाहवाही बटोरी। महोत्सव में आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में राउमावि अगरोड़ा प्रथम, रापूमावि नानसू द्वितीय व हिल्ट्रान पब्लिक स्कूल तृतीय रहा। चित्रकला प्रतियोगिता में इंटर कालेज जखेटी की आकांक्षा अण्थवाल प्रथम, जनता इंटर कालेज परसुंडाखाल की दीक्षा द्वितीय और इंटर कालेज डांगीधार की सिमरन तृतीय स्थान पर रही। नुक्कड़ नाटक, लोकगीत व भाषण प्रतियोगिता में जनता इंटर कालेज परसुंडाखाल अव्वल रहा। लोकनृत्य में जनता हाईस्कूल कोटागढ़ ने बाजी मारी। महोत्सव में एनसीसी कैडेट को भी सम्मानित किया गया। मेहरगांव महिला मंगल दल को विशेष पुरस्कार से नवाजा गया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि नयार घाटी समिति के अध्यक्ष जगदंबा डंगवाल, युवा उत्थान समिति के अध्यक्ष गौरव रावत, संजय डबराल, अजय पटवाल, दिबंबर रावत, दरवान सिंह, नितिन पटवाल, केशवानंद आर्य, मधु खुगशाल व मनोरमा देवी आदि मौजूद थे।