पौड़ी। गढ़वाली चौथान विकास समिति की ओर से गढ़वाल भवन दिल्ली में आयोजित चौथान मिलन समारोह में कलाकारों ने पहाड़ की लोक संस्कृति की छटा बिखेरी। कार्यक्रम में पौड़ी, देहरादून, चंडीगढ़ सहित विभिन्न स्थानों से चौथानवासी शामिल हुए।
समारोह का शुभारंभ बिनसर महादेव की आरती के साथ हुआ। समिति के संरक्षक बासवानंद ढौंडियाल ने पेशावर क्रांति के नायक वीर चंद्र सिंह गढ़वाली को श्रद्धांजलि देते हुए समिति के उद्देश्यों से अवगत कराया। मुख्य अतिथि समाज सेवी महेश चंद्र काला और उद्यमी प्रीतम बिष्ट ने चौथान दर्पण स्मारिका का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि स्मारिका में युवाओं ने पहाड़ से बिछड़ने का दर्द बयां किया है। स्मारिका चौथान पट्टी के रीति रिवाज, धार्मिक स्थलों और प्राकृतिक धरोहरों की महत्वपूर्ण जानकारी समेटे हुए है। समारोह में धुन्याल समूह ने कई शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिसे लोगों ने खूब सराहा। समारोह में समिति के अध्यक्ष आनंद सिंह भंडारी, भीम सिंह रावत, पूरन रमोला, हरिदत्त ममगाईं, आनंद भंडारी, हरीश डुंगरियाल, मोहन पटवाल, धन सिंह बिष्ट, शिवम पोखरियाल, पदम नेगी, मनमोहन चौधरी और उम्मेद बिष्ट आदि मौजूद रहे।
थलीसैंण में है चौथान पट्टी
पौड़ी गढ़वाल के थलीसैंण ब्लाक में चौथान पट्टी स्थित है। यह क्षेत्र चमोली और अल्मोड़ा जिले से सटा हुआ है। इसमें 72 गांव और 28 ग्राम सभाएं आती हैं। पट्टी का कुल क्षेत्रफल 6592 और जनसंख्या 13869 है।